भाजपा नेता ने दी भाजपा पार्षद को मारने की सुपारी! हत्या में नाकाम रहे शूटर तो की 3 करोड़ की लूट, ऐसे हुआ खुलासा
Wednesday, Feb 25, 2026-06:52 PM (IST)
बिलासपुर (रवि शुक्ला) : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड में बड़ा खुलासा हुआ है। जहां करोड़ों की लूट का पर्दाफाश हुआ है, वहीं इसके साथ हत्या की एक बड़ी साजिश का भी सननसीखेज खुलासा हुआ है। आरोप है कि एक भाजपा नेता द्वारा दूसरे भाजपा नेता की हत्या की सुपारी दी गई थी, जिसमें विफल होने पर आरोपियों ने करोड़ों की लूट को अंजाम दिया।
सरकंडा उपपुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के मुताबिक गिरफ्तार अंतरराज्यीय गिरोह वास्तव में वार्ड नंबर 36 के पार्षद व एमआइसी सदस्य बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी मिलने पर शहर पहुंचे थे। हत्या के प्रयास में विफल रहने पर गिरोह ने शहर के बड़े ज्वेलर्स और व्यापारियों को अपना निशाना बनाना शुरू किया था।

जानकारी के मुताबिक, राजू सोनकर और एमआइसी सदस्य व वार्ड नं. 36 के पार्षद बंधु मौर्य के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके कारण राजू ने बंधु मौर्य को रास्ते से हटाने के लिए 25 लाख रुपये की सुपारी नारद श्रीवास को दी थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी नेता ने कथित तौर पर 25 लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया था। इसमें से 6 लाख रुपये एडवांस के रूप में दिए जाने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में पैसों के लेन-देन से जुड़े कुछ सबूत भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त किया है। अधिकारियों का कहना है कि आर्थिक लेन-देन की पुष्टि के लिए बैंक खातों और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
भाजपा नेता ने दी सुपारी
भाजपा पार्षद व एमआइसी सदस्य बंधु मौर्य की हत्या की सुपारी देने वाला राजू सोनकर भी भाजपा नेता है। वह पार्टी में अहम पद पर हैं। उसे भाजपा पूर्वी मंडल बेलतरा में अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है।
उतरप्रदेश के मिर्जापुर से 7 आरोपी गिरफ्तार
सुपारी लेने के बाद नारद श्रीवास ने दिल्ली, यूपी और एमपी के शूटरों को बिलासपुर बुलवाया। गिरोह ने 18 दिसंबर को पार्षद पर जानलेवा हमला किया, लेकिन वे बच निकले। इसके बाद खर्च निकालने के लिए गिरोह ने नेटी समोसा संचालक को लूटने की कोशिश की और अंततः ज्वेलरी शॉप के संचालक पर हथौड़ी व कट्टे की बट से हमला कर दो किलो सोना और लाखों की नगदी लूट ली।
हत्या में असफल
18 दिसंबर को शूटरों ने चांटीडीह काम्प्लेक्स के पास बंधु मौर्य की गाड़ी से टक्कर करने के बाद झगड़ा करने के दौरान हत्या का प्लान बनाया था। इस दौरान फायरिंग भी की गई लेकिन कोशिश असफल रही। पार्षद वहां से कार में भागने में सफल रहा और हत्या का साजिश नाकाम हो गई।
लूट की प्लानिंग की और पकड़े गए
हत्या की योजना फेल होने के बाद गिरोह ने वहां रहकर पहचान छिपाने के लिए लूट की वारदातों को अंजाम दिया। छोटी मोटी लूट के बाद उन्होंने महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी को निशाना बनाया और करोड़ों की लूट को अंजाम देकर मिर्जापुर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज, साइबर इनपुट और लोकल सूचना के आधार पर आरोपियों का पीछा करते हुए बिलासपुर पुलिस ने मिर्जापुर (उत्तरप्रदेश) में घेराबंदी की। यूपी पुलिस के सहयोग से चार मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए गए। बाद में अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी हुई। पुलिस ने लूट का 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।
पुलिस ने अब तक 07 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनके कब्जे से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस, धारदार चाकू, तीन कारें, मोबाइल फोन और 5.33 लाख रुपये नगद बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ और उत्तरप्रदेश में कई गंभीर धाराओं में प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज आईपीएस रामगोपाल गर्ग एवं उप पुलिस महानिरीक्षक व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आईपीएस रजनेश सिंह ने उत्कृष्ट कार्य के लिए टीम की सराहना की।



