इंदौर में सरेआम गुंडागर्दी ! भाजपा नेता के भाई ने धारदार हथियार से युवक पर हमला, पूरे क्षेत्र में फैली सनसनी
Tuesday, Apr 07, 2026-02:15 PM (IST)
इंदौरः मध्यप्रदेश के इंदौर में सरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। जहां एक युवक पर बीच सड़क में धारदार हथियार से हमला किया गया है। दोनों पक्षों में कार खड़ी करने पर विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवक पर उसके ही पड़ोसी ने तलवार से हमला कर दिया। सूत्रों के मुताबिक हमलावर भाजपा नेता का चचेरा भाई है। जबकि पीड़ित युवक जिम संचालक है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक यह घटना इंदौर के एरोड्रम थाना क्षेत्र में हुई है। जहां निवासी आशु व्यास और उनके पड़ोस में रहने वाले राकेश खंडेलवाल के बीच सड़क पर कार पार्किंग को लेकर विवाद हो गया। दोनों में तीखी बहस शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद जानलेवा हमले में बदल गया। आरोप है कि राकेश खंडेलवाल अपने घर में रखी एक तलवार निकालकर ले आया। इसी के साथ ही तलवार से आशु व्यास पर हमला कर दिया। मौके पर जुटी लोगों की भीड़ ने बमुश्किल जिम संचालक को उसके चंगुल से छुड़ाया गया।
सूत्रों से पता चला है कि आरोपी राकेश खंडेलवाल भाजपा नेता कमलेश खंडेलवाल का चचेरा भाई बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि आशु व्यास और राकेश खंडेलवाल के बीच विवाद के बाद हमले की सूचना है। दोनों में पुलिस थाने में समझौता कराया गया है। हालांकि, सार्वजनिक स्थान पर तलवार जैसे घातक हथियार के उपयोग की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन अपने स्तर पर मामले की पूरी जांच कर रहा है ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।

