मंच पर कुर्सी न मिलने से नाराज हुए भाजपा के दिग्गज नेता, सीएम के सामने छोड़ा कार्यक्रम
Sunday, Mar 29, 2026-07:42 PM (IST)
इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में रविवार को हुए एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने को लेकर सियासी हलचल देखने को मिली। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन कार्यक्रम छोड़कर चले गए। बताया जा रहा है कि मंच पर कुर्सी न मिलने और इसको लेकर हुई बातचीत के बाद वे नाराज होकर वहां से निकल गए।
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इन दिनों इंदौर दौरे पर हैं। अपने दौरे की शुरुआत उन्होंने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन के शुभारंभ से की। इसके बाद वे ‘मन की बात’ कार्यक्रम में शामिल हुए, जहां कई जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
इसी क्रम में ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में भी सीएम शामिल हुए। इसी कार्यक्रम के दौरान मंच पर बैठने को लेकर विवाद की स्थिति बनी। जानकारी के अनुसार, एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा से बातचीत के दौरान हुई कहासुनी से नाराज होकर सत्तन कार्यक्रम स्थल से चले गए। हालांकि, इस पूरे मामले पर बबलू शर्मा का कहना है कि सत्यनारायण सत्तन के लिए कुर्सी पहले से ही आरक्षित थी, लेकिन उस पर नाम की पर्ची नहीं लगी थी, जिस कारण भ्रम की स्थिति बनी।
कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में विकास कार्यों को लेकर सरकार की प्राथमिकताओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि नर्मदा के आशीर्वाद से शहर में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं और आने वाले वर्षों में इंदौर मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र के रूप में और विस्तार करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि शहर की बढ़ती आबादी को ध्यान में रखते हुए पेयजल और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसी दौरान सीएम ने पेयजल परियोजना के चौथे चरण का भूमिपूजन भी किया, जिससे शहर की जल आपूर्ति व्यवस्था को और बेहतर बनाने का लक्ष्य रखा गया है।

