Punjab Kesari MP ads

भाजपा जिलाध्यक्ष का 100 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ शक्ति प्रदर्शन, हॉर्न बजाते काफिले पर उठे सवाल,पार्टी ने मांगा जवाब

Thursday, May 14, 2026-11:56 AM (IST)

भिंड। जिले में भाजपा किसान मोर्चा के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष सज्जन सिंह यादव के कथित शक्ति प्रदर्शन ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। 100 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ शहर में निकले इस जुलूस को लेकर अब पार्टी संगठन ने गंभीर रुख अपनाते हुए उनसे जवाब तलब किया है।

जानकारी के अनुसार, बीती शाम सज्जन सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ भिंड शहर में बड़े काफिले के रूप में पहुंचे। इस दौरान 100 से अधिक चारपहिया और अन्य वाहन शामिल थे, जो हॉर्न बजाते और नारेबाजी करते हुए मुख्य मार्गों से गुजरे। काफिले के चलते नेशनल हाईवे-719 सहित कई स्थानों पर यातायात बाधित हुआ, जिससे आम लोगों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ा।

घटना के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और तूल पकड़ गया है। विपक्षी कांग्रेस ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से ईंधन बचत और सादगीपूर्ण जीवनशैली की अपील के बीच इस तरह के प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

मामला संज्ञान में आने के बाद भाजपा संगठन ने हस्तक्षेप करते हुए सज्जन सिंह यादव से स्पष्टीकरण मांगा है। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने सफाई दी है कि उन्होंने किसी भी कार्यकर्ता या समर्थक को वाहन लाने के लिए आमंत्रित नहीं किया था, बल्कि लोग स्वेच्छा और उत्साह के कारण काफिले में शामिल हुए।

इस पूरे प्रकरण पर भाजपा जिलाध्यक्ष देवेंद्र नरवरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को पार्टी का हर कार्यकर्ता गंभीरता से ले रहा है और संसाधनों के सीमित उपयोग पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि संबंधित जिलाध्यक्ष से चर्चा कर उनका पक्ष भी सुना गया है। हालांकि, इस मामले ने संगठन के भीतर अनुशासन और सार्वजनिक संदेश को लेकर नई बहस छेड़ दी है, और अब सभी की नजरें पार्टी के आगे के निर्णय पर टिकी हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News