BJP के दिग्गज नेता ने अपनी ही पार्टी को कोसा! बोले- पार्टी में चमचाबाद हावी, योग्यता का कोई मतलब नहीं
Wednesday, Apr 29, 2026-08:12 PM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश की सियासत में उस समय हलचल तेज हो गई जब भाजपा के नेता राज चड्ढा ने सोशल मीडिया पर अपनी ही पार्टी की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए। ग्वालियर से जुड़े भाजपा नेता राज चड्ढा की एक फेसबुक पोस्ट ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा का माहौल बना दिया है। राज चड्ढा ने अपनी पहली पोस्ट में लिखा कि “आज की राजनीति में योग्यता, कर्मठता और विनम्रता से अधिक आवश्यक है कि आप किसी बॉस के चमचे हों, अन्यथा भले ही वेद प्रकाश हों, सब व्यर्थ है।” इस पोस्ट को पार्टी के भीतर बढ़ते ‘चमचावाद’ और योग्य कार्यकर्ताओं की अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है..
हालांकि, पोस्ट वायरल होने के कुछ समय बाद ही उन्होंने इसे डिलीट कर दिया, लेकिन तब तक यह सोशल मीडिया पर तेजी से फैल चुकी थी। इसके बाद उन्होंने एक नई पोस्ट साझा की, जिसमें लिखा— “सत्य कहने के लिए साहस चाहिए, सुनने के लिए विवेक… यह लोभी चमचों के बस की बात नहीं है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा में इन दिनों निगम-मंडलों और विभिन्न संस्थाओं में नियुक्तियों का दौर जारी है। ऐसे समय में पार्टी के भीतर से इस तरह की सार्वजनिक नाराजगी सामने आना कई संकेत दे रहा है। माना जा रहा है कि यह पोस्ट संगठन के भीतर चल रही नाराजगी और असंतोष की ओर इशारा करती है।
राज चड्ढा भाजपा के पुराने नेताओं में गिने जाते हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं। ऐसे में उनकी ओर से सार्वजनिक रूप से इस तरह की टिप्पणी को हल्के में नहीं लिया जा रहा।फिलहाल पार्टी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन सोशल मीडिया पर यह पोस्ट जमकर वायरल हो रही है और राजनीतिक हलकों में इसे लेकर चर्चाएं लगातार तेज हो रही हैं।

