BJP के दिग्गज विधायक ने सिंधिया समर्थक मंत्रियों को बताया नौटंकीबाज, बोले- महाराज के पास किसी को नहीं आने देते, नौटंकी में कुछ भी कर सकते हैं
Saturday, May 30, 2026-03:50 PM (IST)
गुना (मिसबाह नूर): मध्य प्रदेश के गुना में भाजपा की अंदरूनी राजनीति उस वक्त सुर्खियों में आ गई, जब भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य ने अपनी ही सरकार के एक सिंधिया समर्थक मंत्री पर तीखा हमला बोल दिया। बिजली संकट को लेकर बिजली कंपनी के दफ्तर पहुंचे विधायक का गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की कार्यशैली को "नौटंकी" करार दे दिया।
विधायक ने कहा कि प्रदेश में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है, लेकिन जिम्मेदार मंत्री सिर्फ दिखावा करने में व्यस्त हैं। उन्होंने यहां तक कह दिया कि प्रदेश की बदनामी कराने वाले ऐसे नाकारा मंत्रियों को कुर्सी पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है और मुख्यमंत्री को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
इतना ही नहीं, शाक्य ने जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर भी निशाना साधते हुए पुराना अपमान याद दिलाया। उन्होंने साफ कहा कि वे किसी मंत्री की मेहरबानी से नहीं, बल्कि जनता के वोटों से विधायक बने हैं।
बिजली कंपनी के अधिकारियों का घेराव करते हुए विधायक ने चेतावनी दी कि अगर बिजली कटौती और अव्यवस्थाएं नहीं रुकीं तो जनता का गुस्सा सरकार को भारी पड़ सकता है। अब सवाल यह है कि भाजपा विधायक के इस खुले हमले के बाद पार्टी और सरकार की ओर से क्या प्रतिक्रिया आती है, और क्या बिजली व्यवस्था में कोई सुधार देखने को मिलेगा?

