Punjab Kesari MP ads

भाजपा नेताओं की आंखों में खटकने लगे सिंधिया समर्थक! खुलकर सामने आने लगी बयानबाजी, विधायक बोले- मैं खैरात से चुनाव नहीं जीता

Sunday, May 31, 2026-03:31 PM (IST)

डेस्क : मध्य प्रदेश में पिछले कई दिनों से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थकों की भाजपा में अनदेखी की खबरें सुर्खियों में रही। कहीं राजनीतिक नियुक्तियों में अनदेखी को लेकर सिंधिया समर्थकों के इस्तीफे तो कहीं सिंधिया समर्थक और भाजपा नेताओं में गुटबाजी की खबरें सामने आई। अब यह अंदर ही अंदर सुलग रही राजनीतिक गहमागहमी खुलकर सामने आने लगी है। इसी कड़ी में अपने बेबाकी और तीखे अंदाज के लिए पहचाने जाने वाले गुना से भाजपा विधायक पन्नालाल शाक्य का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित उनके समर्थक मंत्रियों को भी आड़े हाथों लिया और जमकर खरी खोटी सुनाई।

दरअसल, भाजपा विधायक पन्ना लाल शाक्य बिजली कटौती और जनता की परेशानी को लेकर बिजली दफ्तर पहुंचे। यहां अधिकारियों को जमकर लताड़ा। जब अधिकारी ने मंत्रियों का जिक्र किया तो उन्होंने ऊर्जामंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और जिले के प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को लपेटे में ले लिया और नकारा करार दिया। उन्होंने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया पर सीधा राजनीतिक कटाक्ष करते हुए अधिकारियों को लताड़ा और कहा कि हमें ग्वालियर या किसी अन्य जिले से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ग्वालियर सिंधिया की राजधानी है, वहां अंधेरा रहे या उजाला, हमें मतलब नहीं।

PunjabKesari

विधायक ने बिजली कंपनी के महाप्रबंधक को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि, वे अपने लापरवाह और सुस्त अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों के नट-बोल्ट पूरी तरह टाइट कर दें, अन्यथा परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहें। इसी दौरान जब बिजली कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी ने विधायक को सफाई देने लगे कि बिजली संकट सिर्फ गुना में नहीं है, बल्कि ग्वालियर सहित प्रदेश के अन्य संभागों में भी ऐसी ही स्थिति है, तो इस पर विधायक शाक्य का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमें ग्वालियर या किसी अन्य जिले से कोई लेना-देना नहीं है।

इतना ही नहीं भाजपा विधायक ने सिंधिया समर्थक दो मंत्रियों को नकारा बताया और कहा कि मैं सीएम से उन्हें मंत्रीमंडल से बाहर करने की मांग करूंगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर इतने बड़े ज्ञानी और नौटंकीबाज हैं कि वे जनता को गुमराह करने के लिए सीधे मंच पर ही ढोक देने लगते हैं और पब्लिसिटी के लिए बिजली के खंभों पर चढ़ जाते हैं, तो कभी सफाई का ढोंग रचने के लिए गंदी नालियों में उतर जाते हैं। वहीं दूसरे प्रभारी मंत्री गोविंद राजपूत खुद को केंद्रीय मंत्री महाराजा ज्योतिरादित्य सिंधिया से भी बड़ा समझते हैं। वे मुझे साइड करते हुए आगे बढ़ गए। विधायक ने कहा कि मैंने भी उस समय बिना डरे, उनके मुंह पर दो टूक कह दिया था कि, खुद साइड में हो जाओ। मैं किसी अन्य नेता की मेहरबानी अथवा खैरात से चुनाव जीतकर विधानसभा नहीं पहुंचा हूं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News