भाजपा में गुटबाजी के सवाल पर सिंधिया का मीडिया को जवाब, बोले - गुटबाजी तो आप लोगों में है, हमारे यहां नहीं है
Saturday, May 23, 2026-05:07 PM (IST)
गुना (मिसबाह नूर): मध्य प्रदेश के गुना में शनिवार को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री एवं क्षेत्रीय सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का अलग अंदाज देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे सिंधिया ने कार्यकर्ताओं के बीच बैठकर भोजन किया, खुद प्लेट लगाई और अपने हाथों से भोजन परोसकर सादगी की मिसाल पेश की। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने उनके इस व्यवहार की जमकर सराहना की।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में सिंधिया ने खुद को नेता नहीं, बल्कि पहले एक समर्पित कार्यकर्ता बताया। वहीं जब उनसे भाजपा में गुटबाजी को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने मुस्कुराते हुए मीडिया पर ही पलटवार कर दिया। सिंधिया ने कहा, “भाजपा में कोई गुटबाजी नहीं है, गुटबाजी तो आप लोगों में भी है। उनके इस जवाब के बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच हल्की मुस्कान और चर्चा का माहौल बन गया।
दरअसल, भाजपा के दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन शनिवार को सिंधिया गुना पहुंचे थे। कार्यक्रम स्थल पर उन्होंने भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिकरवार के साथ सफेद और हरे रंग के गुब्बारे छोड़कर सत्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पार्टी की संगठनात्मक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि प्रशिक्षण शिविरों के माध्यम से पार्टी की विचारधारा और जनसेवा का संदेश अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाता है।

