कांग्रेस की गुटबाजी जगजाहिर,सियासी खेल में अकेले पड़े पूर्व डिप्टी CM,पूर्व मुख्यमंत्री ने दिया प्रदेश अध्यक्ष का साथ
Sunday, May 24, 2026-02:21 PM (IST)
(रायपुर): छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ चुकी है। जब से पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने खुद को राज्य का प्रदेश अध्यक्ष बनाने को लेकर बयान दिया है तब से शब्दों के बाण जारी है। दीपक बैज के पलटवार के बाद अब इस घमासान में छतीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल की एंट्री हो गई है।
नेता प्रतिपक्ष और पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाना हाईकमान का काम-बघेल
पूरे मामले पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का एक बड़ा बयान सामने आया है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के बयानों पर भूपेश बघेल ने साफ कह दिया है कि दीपक बैज पिछले तीन-साढ़े तीन साल से छत्तीसगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष हैं और पूरी पार्टी उनके नेतृत्व में काम कर रही है। लेकिन किसे नेता प्रतिपक्ष बनाना है और किसे पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बनाना है, यह तय करना हाईकमान का काम है। इसलिए मैं इन सब चीजों में अपनी बुद्धि नहीं लगाता। इस तरह से भूपेश बघेल ने साफ कर दिया है कि दीपक बैज की अगुवाई में कांग्रेस ठीक काम रही है ।
युवा कांग्रेस को भूपेश बघेल ने बताया मजबूत स्तंभ
बघेल ने युवा कांग्रेस को संगठन का मुख्य अंग बताया है और कहा है कि इस बार के संगठन चुनावों में 90 के दशक के बाद के लड़के नेतृत्व करेंगे। पहले सदस्यता अभियान होगा और फिर चुनाव की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लोकतंत्र को बचाने के लिए युवा लड़ाई लड़ेंगे। बघेल ने कहा की Gen Z के दौर में उनकी भूमिका और महत्व को नकारा नहीं जा सकता है।

