अपनी ही सरकार के खिलाफ धरने पर BJP के दिग्गज विधायक! मचा हड़कंप
Sunday, Mar 22, 2026-01:31 PM (IST)
भिंड: जिले के लहार में सियासत गरमा गई है। भाजपा विधायक अमरीश शर्मा उर्फ गुड्डू ने अपनी ही सरकार के प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविवार को वह भाटनताल मैदान में धरने पर बैठकर अनुसूचित जाति समाज के 2 साल से चल रहे आंदोलन को समर्थन देंगे।
इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा लहार के आम रास्ते पर कथित कब्जा है, जिस पर पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के परिवार पर आरोप लगाए जा रहे हैं। विधायक का दावा है कि सरकारी नापतोल में रास्ते की जमीन पर निर्माण की पुष्टि हो चुकी है और अदालतों से भी रास्ता छोड़ने के संकेत मिल चुके हैं।
रेत खदान विवाद भी गरमाया
विधायक ने सिंध नदी की बंद रेत खदानों को लेकर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि भिंड और मेहगांव में खदानें चालू हैं, लेकिन लहार में बंद होने से लोगों को मकान निर्माण में भारी परेशानी हो रही है।
बिजली विभाग पर भी निशाना
लहार में बिजली विभाग के अधिकारियों पर मनमानी और उपभोक्ताओं से खराब व्यवहार के आरोप लगे हैं। विधायक ने संबंधित अधिकारी को हटाने की मांग तक कर दी है।
विधायक का बड़ा बयान:
जनता के लिए लड़ना पड़े तो अपनी ही सरकार के खिलाफ भी धरना देंगे। अब इस धरने ने साफ कर दिया है कि स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा के अंदर ही असंतोष उभर रहा है, जो आने वाले समय में बड़ा राजनीतिक रूप ले सकता है।

