हम पर कोई हाथ नहीं डाल सकता…’ जुआ खेलते BJP नेता की रील वायरल, सियासत में हड़कंप
Sunday, Mar 15, 2026-06:04 PM (IST)
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले से जुड़ा एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में भारतीय जनता पार्टी के एक स्थानीय नेता कथित तौर पर खुलेआम जुआ खेलते हुए नजर आ रहे हैं। यह वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले शख्स की पहचान झगराखांड क्षेत्र के निवासी और भाजपा नेता शुभम सिंह के रूप में की जा रही है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा के हसदेव मंडल में सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर के पद पर हैं। वीडियो एक रील के रूप में सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें जुए की महफिल के बीच बैठकर खेलते हुए कुछ लोग दिखाई दे रहे हैं।
इस रील के साथ लिखा गया एक कैप्शन भी खासा चर्चा में है। कैप्शन में कथित तौर पर लिखा गया है—
“हमारा दबदबा है, हमारे इलाके में हर कोई जानता है, हम पर कोई हाथ नहीं डाल सकता।” इसी कथित बयान को लेकर सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है और लोग कानून व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद कई यूजर्स इस मामले में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। कुछ लोगों का कहना है कि अगर कोई जनप्रतिनिधि या राजनीतिक दल से जुड़ा व्यक्ति इस तरह की गतिविधियों में शामिल दिखाई देता है तो इससे पार्टी की छवि पर असर पड़ता है।
जानकारी के मुताबिक, शुभम सिंह को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का करीबी भी माना जाता है। सोशल मीडिया पर मंत्री के साथ उनकी कई तस्वीरें भी वायरल हो रही हैं। इसके अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव समेत अन्य नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ भी उनकी तस्वीरें सामने आई हैं।
इन तस्वीरों और वायरल वीडियो के बाद स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठने लगा है कि क्या क्षेत्र में अवैध जुए का कारोबार चल रहा है और यदि ऐसा है तो उस पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही।हालांकि, इस पूरे मामले में अभी तक भाजपा संगठन या प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वहीं वायरल वीडियो की सत्यता की भी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है और लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस मामले में प्रशासन या पार्टी स्तर पर कोई जांच या कार्रवाई होती है या नहीं।

