BJP की लिस्ट में बड़ी चूक! मृत व्यक्ति को बना दिया पदाधिकारी, वायरल हुई कार्यकारिणी सूची

Friday, Mar 13, 2026-05:52 PM (IST)

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में भाजपा की संगठनात्मक सूची को लेकर एक अजीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां भैयाथान मंडल में भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा की नई कार्यकारिणी सूची में एक ऐसे व्यक्ति का नाम पदाधिकारी के रूप में शामिल कर दिया गया, जिनका निधन पहले ही हो चुका था। यह सूची सोशल मीडिया पर वायरल होते ही संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होने लगे और विपक्ष ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर तीखा हमला बोला।

दरअसल, भैयाथान मंडल में भाजपा के अनुसूचित जनजाति मोर्चा के मंडल अध्यक्ष राय सिंह मरावी ने नई कार्यकारिणी की सूची जारी की थी। इस सूची को जिला अध्यक्ष और मंडल अध्यक्ष की सहमति से जारी किया गया बताया गया। लेकिन सूची में खेलसाय नाम के व्यक्ति को भी कार्यकारिणी सदस्य बनाया गया, जबकि उनकी मृत्यु दिसंबर 2025 में हो चुकी थी।

जैसे ही यह सूची सोशल मीडिया पर वायरल हुई, लोगों ने इसे लेकर भाजपा संगठन की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। सोशल मीडिया पर यूजर्स ने इसे बड़ी लापरवाही बताते हुए तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दीं। मामला बढ़ता देख भाजपा संगठन ने बाद में संशोधित सूची जारी कर मृत व्यक्ति का नाम हटा दिया। हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर विपक्ष ने भाजपा पर निशाना साधा है। 

विपक्ष ने आरोप लगाया कि अगर स्थानीय स्तर पर सही तरीके से सूची बनाई जाती तो ऐसी गलती सामने नहीं आती। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा में केवल दिखावे के लिए पद बांटे जाते हैं और जिन लोगों को जिम्मेदारी दी जाती है, उनके बारे में सही जानकारी तक नहीं ली जाती। हालांकि विवाद बढ़ने के बाद भाजपा ने सूची से मृत व्यक्ति का नाम हटा दिया है, लेकिन पार्टी के नेता इस पूरे मामले पर खुलकर कुछ भी कहने से बचते नजर आ रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News