भीषण सड़क हादसे में घायल हुए थे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, एयर एम्बुलेंस से दिल्ली भेजे गए
Thursday, Jul 30, 2026-02:24 PM (IST)
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह को सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद गुरुवार सुबह बेहतर इलाज के लिए एयर एम्बुलेंस से दिल्ली भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति पहले से स्थिर है और विशेषज्ञ चिकित्सा की आवश्यकता को देखते हुए उन्हें राष्ट्रीय राजधानी के एक उन्नत अस्पताल में रेफर किया गया है।
मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) डॉ. सचिन माहौर ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 7:15 बजे उन्हें एम्बुलेंस के जरिए दतिया ले जाया गया, जहां से एयर एम्बुलेंस द्वारा दिल्ली रवाना किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि मरीज की हालत में सुधार है, लेकिन बेहतर उपचार और विशेषज्ञ निगरानी के लिए यह निर्णय लिया गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार को किरण देव सिंह अपने परिवार के साथ बागेश्वर धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद रायपुर लौट रहे थे। उनकी इनोवा कार झांसी-ललितपुर हाईवे पर तालबेहट क्षेत्र के टेकरी गांव के पास हादसे का शिकार हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सामने से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने अचानक कट मार दिया। टक्कर से बचने की कोशिश में चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और इनोवा हाईवे किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी।
हादसा इतना भीषण था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद किरण देव सिंह और चालक गौतम कुमार को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां जांच में उनके कूल्हे में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई।
इस हादसे में कार के सभी एयरबैग समय पर खुल गए, जिससे आगे बैठे यात्रियों को गंभीर चोटों से काफी हद तक सुरक्षा मिली। वाहन में मौजूद रीना सिंह देव और आयुषी को भी बड़ी चोट नहीं आई और वे सुरक्षित हैं।
फिलहाल किरण देव सिंह का इलाज दिल्ली में विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में किया जाएगा। उनके स्वास्थ्य को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में चिंता बनी हुई है तथा शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं की जा रही हैं।

