कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का बड़ा दावाः दतिया उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तय, जनता BJP को सबक सिखाने के लिए तैयार
Friday, Jul 24, 2026-09:38 AM (IST)
दतिया/भोपालः मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत सुनिश्चित है और जनता भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मतदान के जरिए जवाब देने के लिए तैयार है। कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार पटवारी ने गुरूवार को दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के समर्थन में विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया में जनसंपर्क के दौरान जनता का उत्साह और समर्थन यह संकेत दे रहा है कि कांग्रेस ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उनका दावा था कि भाजपा के प्रति लोगों में व्यापक नाराजगी है। पटवारी ने कहा कि वह दतिया के गांव-गांव का दौरा कर रहे हैं, लेकिन उन्हें ऐसा कोई व्यक्ति नहीं मिला जो भाजपा प्रत्याशी को जानता हो या उसे वोट देना चाहता हो। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उपचुनाव में कांग्रेस का परचम फिर लहराएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा ने लोकतांत्रिक मूल्यों की अनदेखी करते हुए कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की विधानसभा सदस्यता समाप्त कराई। उन्होंने कहा कि जनता इस घटनाक्रम को भूली नहीं है और इसका जवाब मतदान के माध्यम से देगी। उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र, जनादेश और संविधान की रक्षा का चुनाव है।
उन्होंने मतदाताओं से कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह को विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क अभियान के दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी, प्रदेश महासचिव किरण अहिरवार, वरिष्ठ नेता अवधेश नायक सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

