Punjab Kesari MP ads

दतिया उपचुनाव के बीच ट्रेन में हुई BJP-Congress प्रदेश अध्यक्षों की मुलाकात, सियासी टकराव के बीच सफर की तस्वीरें वायरल

Friday, Jul 17, 2026-02:31 PM (IST)

दतिया : मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव की सियासत इन दिनों पूरी तरह गर्म है। बीजेपी और कांग्रेस दोनों ने चुनाव जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी बीच चुनावी माहौल में एक बेहद रोचक तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में नई चर्चा छेड़ दी है।

दरअसल, दतिया में चुनावी कमान संभालने जा रहे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी एक ही ट्रेन से दतिया पहुंचे। सफर के दौरान दोनों नेताओं का आमना-सामना हुआ तो राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता के बीच शिष्टाचार की मिसाल भी देखने को मिली।

ट्रेन की बोगी में दोनों नेताओं के बीच काफी देर तक बातचीत हुई। हालांकि दोनों के बीच किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।

यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब दतिया उपचुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन चुका है। दोनों दलों के प्रदेश अध्यक्ष खुद मैदान में उतरकर कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ा रहे हैं, रूठे नेताओं को मनाने और जातीय समीकरण साधने में जुटे हैं।

चुनावी बयानबाजी और सियासी टकराव के बीच ट्रेन से आई यह तस्वीर एक अलग संदेश भी देती है कि राजनीति में वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन व्यक्तिगत संवाद और लोकतांत्रिक शिष्टाचार की परंपरा आज भी कायम है। अब सबकी नजर दतिया उपचुनाव के नतीजों पर है, जहां चुनावी पटरी पर आखिर किस पार्टी की गाड़ी जीत के स्टेशन तक पहुंचेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News