Punjab Kesari MP ads

दतिया की सबसे बड़ी चुनावी खबर! BJP से नरोत्तम मिश्रा का नाम लगभग फाइनल, Congress भी चलेगी बड़ा दांव

Wednesday, Jul 08, 2026-03:34 PM (IST)

दतिया। मध्यप्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव ने प्रदेश की राजनीति का तापमान बढ़ा दिया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही इस सीट को प्रतिष्ठा का प्रश्न मानकर चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा ने पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के नाम पर लगभग अंतिम सहमति बना ली है। अब केवल आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार प्रदेश नेतृत्व की ओर से केंद्रीय नेतृत्व को नरोत्तम मिश्रा का एकमात्र नाम भेजा गया था, जिस पर सकारात्मक सहमति मिल चुकी है। माना जा रहा है कि भाजपा जल्द ही उम्मीदवार की औपचारिक घोषणा कर सकती है। पिछले कुछ समय से क्षेत्र में नरोत्तम मिश्रा की लगातार सक्रियता भी इस संभावना को मजबूत करती है।

उधर, कांग्रेस भी उम्मीदवार चयन के अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। पार्टी के भीतर यह राय बनती दिखाई दे रही है कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार से किसी सदस्य को चुनाव मैदान में उतारकर सहानुभूति और संगठनात्मक समर्थन दोनों का लाभ लिया जाए। सूत्रों के मुताबिक राजेंद्र भारती की पत्नी शोभा भारती का नाम सबसे मजबूत दावेदार के रूप में सामने आया है।

हालांकि कांग्रेस में दावेदारी केवल यहीं तक सीमित नहीं है। वरिष्ठ नेता अवधेश नायक भी टिकट की दौड़ में शामिल हैं। गौरतलब है कि वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पहले पार्टी प्रत्याशी घोषित किया गया था, लेकिन बाद में निर्णय बदलते हुए टिकट राजेंद्र भारती को दिया गया था। इसके अलावा पूर्व विधायक घनश्याम सिंह का नाम भी संभावित उम्मीदवारों की सूची में शामिल बताया जा रहा है। अंतिम फैसला कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व करेगा।

दतिया उपचुनाव इस बार केवल एक विधानसभा सीट का चुनाव नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक प्रतिष्ठा की सीधी लड़ाई के रूप में देखा जा रहा है। दोनों दलों की रणनीति और उम्मीदवारों का चयन आने वाले दिनों में चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।

चुनाव कार्यक्रम पर एक नजर

नामांकन दाखिल करने की 
अंतिम तिथि: 13 जुलाई 2026
नामांकन पत्रों की जांच: 14 जुलाई 2026
नाम वापस लेने की अंतिम तिथि: 16 जुलाई 2026
मतदान: 30 जुलाई 2026
मतगणना: 3 अगस्त 2026
चुनाव प्रक्रिया पूर्ण: 4 अगस्त 2026

अब सबसे बड़ी नजर इस बात पर है कि भाजपा नरोत्तम मिश्रा के नाम का औपचारिक ऐलान कब करती है और कांग्रेस किस चेहरे पर भरोसा जताकर दतिया की चुनावी जंग को अंतिम रूप देती है। दोनों दलों की घोषणा के बाद दतिया का मुकाबला प्रदेश के सबसे चर्चित उपचुनावों में शामिल हो सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News