Punjab Kesari MP ads

दतिया उपचुनाव में सस्पेंस बरकरार! नरोत्तम मिश्रा ने खरीदा फॉर्म, क्या BJP जल्द करेगी ऐलान?

Wednesday, Jul 08, 2026-04:31 PM (IST)

दतिया (नवल यादव): मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी लगातार बढ़ती जा रही है। नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन पूर्व गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा द्वारा नामांकन पत्र खरीदे जाने के बाद उनकी संभावित उम्मीदवारी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। हालांकि भाजपा और कांग्रेस सहित किसी भी प्रमुख दल ने अभी तक अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

दतिया विधानसभा उपचुनाव की नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन बुधवार को पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने नामांकन पत्र खरीदा। इसके बाद जिले की राजनीति में हलचल और अटकलों का दौर शुरू हो गया है। हालांकि चुनावी नियमों के अनुसार नामांकन पत्र खरीदना उम्मीदवार बनने की औपचारिक घोषणा नहीं माना जाता, लेकिन इसे उनकी संभावित दावेदारी के संकेत के रूप में देखा जा रहा है।

बुधवार को डॉ. मिश्रा के अलावा बालकिशन विश्वकर्मा (छतरपुर), वेदराम कुर्मी (दमोह) और हंशमुखी लोधी ने भी नामांकन पत्र खरीदे। इसके साथ ही तीन दिनों में नामांकन पत्र खरीदने वाले संभावित उम्मीदवारों की संख्या बढ़कर 9 हो गई है।

इससे पहले पहले दिन आजाद समाज पार्टी के दामोदर यादव और केशव यादव ने नामांकन पत्र लिया था। वहीं दूसरे दिन कांग्रेस नेता अवधेश नायक, हरदास और रामसिंह ने भी फॉर्म खरीदे थे। हालांकि अब तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया है।

उपचुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद दतिया में चुनावी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। अब सभी की निगाहें भाजपा और कांग्रेस की प्रत्याशी सूची पर टिकी हैं। माना जा रहा है कि दोनों दलों द्वारा उम्मीदवारों की घोषणा के बाद चुनावी मुकाबला और दिलचस्प हो जाएगा तथा नामांकन प्रक्रिया भी रफ्तार पकड़ लेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News