बड़ी खबरः आईटीआई छात्र के साथ बर्बरता की हदें पार, 8-10 लोगों ने किया जानलेवा हमला; FIR दर्ज
Wednesday, Jul 15, 2026-02:40 PM (IST)
सिवनी (काबिज खान): मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक आईटीआई छात्र के साथ कथित तौर पर अमानवीय मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि छात्र के साथ बेरहमी से मारपीट करने के बाद उसके जख्मों पर नमक और मिर्च लगाया गया तथा उसके कपड़े उतरवाकर उसकी पिटाई की गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो बेहद विचलित करने वाला बताया जा रहा है।
पीड़ित छात्र की पहचान सोहेल के रूप में हुई है, जो सिवनी से लगभग 18 किलोमीटर दूर भोमा गांव का निवासी बताया जा रहा है। घटना करीब 25 दिन पुरानी बताई जा रही है। सिवनी पुलिस अधीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अश्मितमन ठाकुर है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की बहन और सोहेल के बीच कथित प्रेम-प्रसंग को लेकर विवाद था। इसी रंजिश के चलते आरोप है कि अश्मितमन ठाकुर ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, 8 से 10 युवक सोहेल को जबरन अपने साथ ले गए और उसके साथ गंभीर मारपीट की। आरोप है कि उसे जान से मारने की धमकी भी दी गई, जिसके कारण उसने लंबे समय तक अपने परिजनों को घटना की जानकारी नहीं दी। वीडियो सामने आने के बाद परिजन अब पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे हैं। पुलिस ने इस मामले में 11 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है और 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया है कि अब तक पीड़ित की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस का पीड़ित से संपर्क हुआ है और उसके बयान व शिकायत के आधार पर मामले में आगे की जांच की जाएगी। यदि जांच में अन्य तथ्य सामने आते हैं, तो उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।

