40 हजार की रिश्वत नहीं दी तो मौत? परिजनों ने पुलिस पर लगाया पीट-पीटकर हत्या का आरोप
Sunday, Apr 12, 2026-05:10 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया): मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का दावा है कि 40 हजार रुपए की रिश्वत नहीं देने पर पुलिसकर्मियों ने युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामला गौरिहार थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान अर्जुन श्रीवास के रूप में हुई है। मृतक के पिता श्रीराम रजक का आरोप है कि थाना स्टाफ ने अर्जुन को पूछताछ के नाम पर बुलाया और उसके साथ बुरी तरह मारपीट की। उनका कहना है कि एएसआई राजकुमार शुक्ला, आरक्षक अमित शर्मा और शंकर पटेल ने 40 हजार रुपए की मांग की थी। पैसे नहीं देने पर बेटे को प्रताड़ित किया गया, जिसके चलते उसकी मौत हो गई।
परिजनों के मुताबिक, अर्जुन का अपनी पत्नी से मामूली विवाद हुआ था, लेकिन पुलिस ने इस मामले को वसूली का जरिया बना लिया। आरोप है कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार परेशान किया गया। घटना के बाद अर्जुन का शव भुरानी पहाड़ी के पास मिला, जिससे मामला और भी संदिग्ध हो गया है। परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या बताया है और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए छतरपुर पुलिस की टीम उत्तर प्रदेश के बांदा पहुंची है, जहां मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि बीते एक महीने में जिले में पुलिस प्रताड़ना से मौत का यह तीसरा मामला बताया जा रहा है। ऐसे में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल, पूरे मामले की सच्चाई जांच के बाद ही सामने आएगी।

