Punjab Kesari MP ads

MP में नहीं थम रहा रिश्वतखोरी का खेल! 15000 रूपए रिश्वत लेते बाबू को रंगेहाथ पकड़ा, लोकायुक्त ने की बड़ी कार्रवाई

Wednesday, Sep 16, 2026-02:47 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): छतरपुर बक्सवाहा तहसील क्षेत्र के बम्होरी सर्कल में नामांतरण के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त सागर की टीम ने बुधवार को सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी राजन श्रीवास को ₹15 हजार की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई के बाद तहसील कार्यालय से जुड़े कर्मचारियों में हड़कंप की स्थिति बन गई।

जानकारी के मुताबिक, बम्होरी सरपंच कृष्ण कुमार बिलथरे से दो नामांतरण के प्रकरणों को लेकर सहायक ग्रेड-3 राजन श्रीवास ने कथित तौर पर ₹50 हजार की रिश्वत मांगी थी। आरोप है कि रिश्वत की पहली किस्त के रूप में ₹10 हजार पहले ही लिए जा चुके थे। इसके बाद बाकी रकम देने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। बताया गया कि दोनों नामांतरण में से एक को निरस्त करने की बात कहकर रिश्वत की रकम मांगी गई थी। मामले से परेशान होकर सरपंच कृष्ण कुमार बिलथरे ने लोकायुक्त सागर में शिकायत की। शिकायत का सत्यापन कराने के बाद लोकायुक्त टीम ने रिश्वत की दूसरी किस्त लेते हुए कार्रवाई की योजना बनाई।

बुधवार को लोकायुक्त सागर की टीम बम्होरी सर्कल पहुंची। जैसे ही राजन श्रीवास ने शिकायतकर्ता से ₹15 हजार की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने रिश्वत की रकम भी बरामद की। लोकायुक्त टीम द्वारा आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। मामले में रिश्वत की मांग से लेकर पहली किस्त लेने और दूसरी किस्त लेते रंगेहाथ पकड़े जाने की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News