राज्य में नहीं थम रहा रिश्वतखोरी का दौर! बैंक मैनेजर ने 5 हजार रिश्वत ली, Video हुआ वायरल
Monday, Jun 15, 2026-05:22 PM (IST)
बलौदाबाजारः छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की निपानिया शाखा की शाखा प्रबंधक पर एक विधवा महिला से कथित रूप से रिश्वत लेने का आरोप लगा है। मामले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम निपानिया निवासी एक महिला ने जनदर्शन में कलेक्टर को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया कि उसके दिवंगत पति के बैंक खाते में जमा लगभग 1.10 लाख रुपये की राशि निकालने के लिए शाखा प्रबंधक अनिता पांडेय ने उससे रिश्वत की मांग की। महिला का कहना है कि उसके पति का निधन करीब एक वर्ष पूर्व हो चुका है और वह खाते की नामिनी है। शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि शाखा प्रबंधक ने राशि भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए पहले 10 हजार रुपये मांगे। बाद में कथित तौर पर पांच हजार रुपये लेने पर सहमति बनी।
इसी दौरान महिला के साथ मौजूद एक ग्रामीण ने लेन-देन का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ संबंधित वीडियो भी प्रशासन को सौंपा है। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित अधिकारी को तत्काल निलंबित करने तथा उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
घटना को लेकर भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी आज शाखा प्रबंधक की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा, 'इस महिला अधिकारी के पहले भी कई शिकायतें मिल चुकी हैं। एक साल पहले जब मैंने इस बारे में फोन पर बात की, तो अधिकारी ने ठीक से जवाब नहीं दिया और कहा,‘मैं बिहारी हूंज्जो करना है कर लो‘। इसके बाद फोन काट दिया।'
मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में लोगों के बीच नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि किसी विधवा महिला को अपने वैधानिक अधिकार की राशि प्राप्त करने के लिए भी कथित रूप से रिश्वत देनी पड़े, तो यह गंभीर चिंता का विषय है। प्रशासन ने शिकायत प्राप्त होने के बाद पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोटर् के आधार पर आगे की कारर्वाई की जाएगी।

