बाबा साहब अपमान मामले ने पकड़ा तूल! घेराव करने पहुंचे लोग तो बैठक छोड़ पहुंचे मंत्री, घुटनों के बल बैठकर सुनी शिकायतें
Saturday, Apr 18, 2026-03:22 PM (IST)
बुरहानपुर (राजू सिंह) : बुरहानपुर जिले के अड़गांव में 17 अप्रैल को हुए विवाद ने अब बड़ा राजनीतिक और सामाजिक रूप ले लिया है। बाबा साहब की रैली के लिए लगाए गए बैनर-पोस्टर को फाड़े जाने की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर हंगामा किया। उस समय जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक ले रहे थे, लेकिन हंगामे की सूचना मिलते ही उन्हें बैठक बीच में छोड़कर प्रदर्शनकारियों के बीच आना पड़ा।

दरअसल, 17 अप्रैल को ग्राम अड़गांव में कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा बाबा साहब के बैनर को नुकसान पहुंचाया गया था, जिसके बाद से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर माहौल को नियंत्रित किया गया, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बावजूद अब तक किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है, जो सोमवार को कलेक्ट्रेट में फूट पड़ी।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने साफ शब्दों में कहा कि “नेता सिर्फ आश्वासन देते हैं, लेकिन दलित समाज के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। बाबा साहब का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, हम यहां से नहीं हटेंगे।”
स्थिति को शांत करने के लिए प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट खुद प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और जमीन पर बैठकर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस को सख्त निर्देश दिए जा चुके हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, मंत्री की समझाइश के बावजूद प्रदर्शनकारी पूरी तरह शांत नहीं हुए और उनकी गाड़ी के पास पहुंचकर विरोध जताते रहे, जिससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण बन गया।

