Punjab Kesari MP ads

विधायक के आवास पर बिजली विभाग की कार्रवाई, 3 लाख का बिल बकाया, काटा कनेक्शन

Thursday, Sep 03, 2026-04:54 PM (IST)

दंतेवाड़ा। जिले के गीदम में दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी को आवंटित आवास की बिजली बकाया भुगतान के चलते काट दी गई। बिजली विभाग की कार्रवाई के बाद आवास परिसर में लगे दोनों बिजली कनेक्शन बंद कर दिए गए हैं। दोनों कनेक्शनों पर कुल मिलाकर करीब तीन लाख रुपये की राशि लंबित बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, विधायक का गीदम स्थित आवास वन विभाग के भवन में संचालित है। वर्तमान में यह भवन विधायक चैतराम अटामी को आवंटित किया गया है। परिसर में बिजली के दो अलग-अलग कनेक्शन हैं, जिनका लंबे समय से भुगतान नहीं किया गया था।

एक कनेक्शन पर 2.30 लाख से ज्यादा बकाया

बिजली विभाग के मुताबिक, परिसर में लगे सिंगल फेज कनेक्शन पर करीब 2.30 लाख रुपये का बकाया है। बताया गया है कि इस कनेक्शन का भुगतान वर्ष 2023 से नहीं हुआ, जिसके चलते लगातार बिल जुड़ता गया और बकाया रकम काफी बढ़ गई। वहीं, दूसरे थ्री फेज कनेक्शन पर भी 50,250 रुपये से अधिक की राशि लंबित थी। यह बकाया करीब एक साल से बताया जा रहा है।

भुगतान नहीं हुआ तो दोनों कनेक्शन काटे

बकाया राशि जमा नहीं होने पर बिजली विभाग की टीम ने करीब दो दिन पहले कार्रवाई करते हुए आवास परिसर के दोनों कनेक्शन काट दिए। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित बकाया राशि का भुगतान नहीं होने के कारण कनेक्शन विच्छेदित किए गए हैं।

वन विभाग का भवन, विधायक को आवंटित

गीदम के रेंजर शिव टंडन के अनुसार, संबंधित भवन वन विभाग का है और वर्तमान में इसे दंतेवाड़ा विधायक को आवंटित किया गया है। उन्होंने बताया कि भवन में लगे एक मीटर का कनेक्शन किसी कुंवर के नाम पर दर्ज है और उस पर ढाई लाख रुपये से अधिक का बकाया बताया जा रहा है। मामले को लेकर विभागीय स्तर पर बातचीत जारी है। बिजली विभाग के सहायक अभियंता अविनाश लकड़ा ने भी बकाया बिल का भुगतान नहीं होने के कारण दोनों कनेक्शन काटे जाने की पुष्टि की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News