Punjab Kesari MP ads

बिजली बिल नहीं चुकाया तो नगर पालिका की बत्ती गुल! खैरागढ़ में कनेक्शन कटा, टॉर्च की रोशनी में हुआ कामकाज

Tuesday, Sep 01, 2026-06:33 PM (IST)

खैरागढ़ (हेमंत पाल) : छत्तीसगढ़ में सरकारी विभागों के बिजली बिल के बकाये पर बिजली कंपनी ने सख्ती शुरू कर दी है। इसी कार्रवाई के तहत खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय का बिजली कनेक्शन काट दिया गया। बिजली गुल होते ही कामकाज प्रभावित हुआ और कर्मचारी मोबाइल की टॉर्च की रोशनी में काम करते नजर आए। नगर पालिका कार्यालय पर करीब 8 लाख 25 हजार रुपये, जबकि स्ट्रीट लाइट, भवन समेत नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले कनेक्शनों का कुल बकाया 3 करोड़ रुपये से ज्यादा बताया जा रहा है। बिजली कटने के बाद अब इस मुद्दे पर सियासत भी शुरू हो गई है।

PunjabKesari

दरअसल, खैरागढ़ नगर पालिका कार्यालय में मंगलवार सुबह बिजली का कनेक्शन कटने के बाद अचानक कामकाज की रफ्तार थम गई। कर्मचारी अंधेरे में मोबाइल की टॉर्च जलाकर काम करते दिखाई दिए तो अपने जरूरी काम लेकर नगर पालिका पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली कंपनी की कार्रवाई के पीछे वजह है नगर पालिका पर बकाया बिजली बिल। बताया जा रहा है कि सिर्फ नगर पालिका कार्यालय का करीब 8 लाख 25 हजार रुपये बकाया है। वहीं स्ट्रीट लाइट, भवन और नगर पालिका के अंतर्गत आने वाले दूसरे विद्युत कनेक्शनों का बकाया जोड़ने पर रकम 3 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

PunjabKesari

दरअसल, प्रदेश में एक अगस्त से ब्लॉक और उससे ऊपर के सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड बिजली व्यवस्था लागू की गई है। इसके बाद बिजली कंपनी ने बकाया वसूली के लिए कार्रवाई तेज कर दी है। विभाग के मुताबिक कनेक्शन काटने की कार्रवाई ऑनलाइन और ऑटोमेटिक सिस्टम के जरिए की जा रही है। विद्युत विभाग के कार्यपालन अभियंता आलोक दुबे का कहना है कि फिलहाल जनता के हित को देखते हुए स्ट्रीट लाइट और नल कनेक्शन में राहत दी गई है। लेकिन बकाया बिजली बिल का भुगतान होने तक नगर पालिका कार्यालय की बिजली बहाल नहीं की जाएगी। विभाग ने आने वाले दिनों में अन्य बकायादार सरकारी विभागों पर भी कार्रवाई के संकेत दिए हैं।

PunjabKesari

इधर, बिजली कटने की खबर मिलते ही कांग्रेस ने भी मोर्चा खोल दिया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अरुण भारद्वाज के नेतृत्व में विधायक प्रतिनिधि मनराखन देवांगन समेत कांग्रेस कार्यकर्ता नगर पालिका पहुंचे। कांग्रेस ने भाजपा सरकार और नगर पालिका अध्यक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नगर पालिका में भाजपा की अध्यक्ष हैं और प्रदेश से लेकर केंद्र तक भाजपा की सरकार है। इसके बावजूद बिजली बिल बकाया होने के कारण कनेक्शन कटना शर्मनाक है। कांग्रेस ने नगर पालिका अध्यक्ष के इस्तीफे की मांग भी की।

फिलहाल नगर पालिका कार्यालय की बिजली गुल है। कामकाज प्रभावित है और आम लोग परेशान हैं। अब देखना होगा कि बकाया बिजली बिल का भुगतान कब होता है और खैरागढ़ नगर पालिका की बिजली कब तक बहाल होती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News