छत्तीसगढ़ भाजपा के नए संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह 11 अक्टूबर को संभालेंगे कार्यभार, CM साय से की मुलाकात
Saturday, Oct 10, 2026-04:56 PM (IST)
रायपुर : छत्तीसगढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) कर्मवीर सिंह 11 अक्टूबर को रायपुर में अपना नया कार्यभार संभालेंगे। इससे पहले उन्होंने शनिवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान पार्टी संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई।
आज रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री @bjpkarmveer जी, झारखंड भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री @PawanSaiBJP जी एवं माननीय मुख्यमंत्री श्री @vishnudsai जी की आत्मीय मुलाकात हुई। इस दौरान उनके मध्य विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। इस अवसर पर श्री @ShyamBihariBjp जी भी उपस्थित रहे।
— BJP Chhattisgarh (@BJP4CGState) October 10, 2026
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय और छत्तीसगढ़ के मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल भी मौजूद रहे। कर्मवीर सिंह इससे पहले झारखंड में चार साल तक भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) का दायित्व संभाल चुके हैं। अब उन्हें छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, पवन साय को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश महामंत्री (संगठन) नियुक्त किया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कर्मवीर सिंह 11 अक्टूबर को रायपुर में नई जिम्मेदारी ग्रहण करेंगे। इस अवसर पर वह मां भगवती की पूजा-अर्चना के लिए कलश स्थापना भी करेंगे।

