जैसे महात्मा गांधी से अंग्रेज डरते थे, वैसे ही राहुल गांधी से भाजपा डरती है- छत्तीसगढ़ कांग्रेस, मास्क लगाकर केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
Wednesday, Jul 12, 2023-06:07 PM (IST)

रायपुर(सत्येंद्र शर्मा): मोदी सरनेम मामले में हाईकोर्ट से राहुल गांधी को राहत नहीं मिलने पर पूरे देश में कांग्रेस राहुल गांधी के समर्थन में लगातार प्रदर्शन कर रही है। इसी कड़ी में आज कांग्रेस पूरे देश में मौन सत्याग्रह कर रही है। AICC ने राहुल गांधी के प्रति समर्थन और एकजुटता दिखाने के लिए ये मौन सत्याग्रह रखा है।
वही छतीसगढ़ में राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में महात्मा गांधी की मूर्ति के सामने बैठकर सत्तापक्ष और संगठन के तमाम बड़े नेताओं ने मौन सत्याग्रह आंदोलन किया। सत्याग्रह आंदोलन में सीएम भूपेश बघेल, छतीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा, डिप्टी सीएम टीएस सिंह देव, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम समेत कांग्रेस के कई दिग्गज नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। छतीसगढ़ कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने मुंह पर मास्क लगाकर केंद्र के ख़िलाफ आक्रोश जताया। कांग्रेस पार्टी का कहना है कि जिस प्रकार से महात्मा गांधी से अंग्रेज डरते थे। उसी प्रकार राहुल गांधी से बीजेपी डरती है। केंद्र सरकार कुछ भी कर ले लेकिन राहुल गांधी डरने वाले नहीं हैं। राहुल गांधी हमेशा लोकतंत्र की आवाज़ उठाते रहेंगे।
फैसले के विरोध में सत्याग्रह का किया था ऐलान
9 जुलाई को कांग्रेस ने राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म होने वाले फैसले के विरोध में 12 जुलाई को मौन सत्याग्रह आयोजित करने का ऐलान किया था। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की संसद सदस्यता 24 मार्च 2023 को रद्द कर दी गई थी।
कांग्रेस का मौन सत्याग्रह समाप्त
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा "प्रदेश मुख्यालय में एक दिवसीय मौन सत्याग्रह का आयोजन किया गया था लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है जनता की आवाज बुलंद करने वाले लोगों की आवाज बंद करने की कोशिश की जा रही है। राहुल गांधी की सदस्यता जिस प्रकार से रद्द की गई है और जिस प्रकार से उनके निवास को खाली कराया गया इसके विरोध में कांग्रेस पार्टी के द्वारा आज मौन सत्याग्रह का आयोजन रायपुर में किया गया। इस कार्यक्रम में सभी जिलों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे थे। मौन सत्याग्रह में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम, डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव मंत्री विधायक सभी मौजूद थे। प्रजातंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस हमेशा लड़ती रहेगी।