घर पहुंचने से पहले रास्ते में हुआ ऐसा हादसा... देखते ही देखते बह गई दो जिंदगियां
Monday, Jul 06, 2026-02:52 PM (IST)
छिंदवाड़ा। (साहुल सिंह): मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच बड़ा हादसा सामने आया है। हर्रई थाना क्षेत्र के ग्राम केवलारी स्थित पनघट नाले को पार करने की कोशिश दो युवकों की जिंदगी पर भारी पड़ गई। तेज बहाव में दोनों युवक अपनी मोटरसाइकिल समेत बह गए, जिससे उनकी दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक हर्रई बाजार से अपने गांव लौट रहे थे। रास्ते में पनघट नाले में पानी का तेज बहाव होने के बावजूद उन्होंने बाइक से नाला पार करने का प्रयास किया। इसी दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों युवक देखते ही देखते तेज धारा में बह गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और ग्रामीणों ने तलाश अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर दोनों युवकों के शव और उनकी मोटरसाइकिल बरामद की गई। मृतकों की पहचान सूरज पिता अंगद मरावी और बलराम पिता भादू उईके के रूप में हुई है।
बारिश के मौसम में उफनाते नालों और पुल-पुलियों को पार करने की लापरवाही एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले नालों और जलभराव वाले रास्तों को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं।

