बड़ा हादसा! यात्रियों से भरी बस दुर्घटनाग्रस्त, 40 लोग थे सवार; मच गई चीख-पुकार
Friday, Jul 03, 2026-01:23 PM (IST)
जशपुरः छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के एक बस के अनियंत्रित होकर पलट जाने से 10 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार,‘जय बाला'ट्रैवल्स की यात्री बस झारखंड के रामगढ़ से कोरबा जा रही थी। आज तड़के साढ़े तीन बजे टांगरपानी के पास सड़क किनारे बने वैकल्पिक मार्ग पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई।
हादसे के समय बस में 40 से अधिक यात्री सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही एडवांस लाइफ सपोर्ट एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कुनकुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। घायलों में जशपुर निवासी शोभंती भगत (50) और उनकी पुत्री रीमा भगत (23) भी शामिल हैं। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए होली क्रॉस अस्पताल, कुनकुरी रेफर किया गया है। प्रारंभिक जानकारी में बस चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

