MP में भयानक हादसा! दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिरा, 3 लोग नीचे दबे; मची अफरा-तफरी
Wednesday, Jun 24, 2026-01:52 PM (IST)
उज्जैन (विशाल सिंह ठाकुर): उज्जैन शहर के हम्मालवाड़ी इलाके में बुधवार सुबह एक 50 साल पुराना दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे में दबने से 12 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसकी नानी और एक अन्य के गंभीर रूप से घायल हुए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
उज्जैन के हम्मालवाड़ी क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक पुराना दो मंजिला मकान अचानक ढह गया। हादसे में 12 वर्षीय असरान की जान चली गई, जबकि उसकी नानी खुर्शीद गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि असरान अपनी नानी के घर मोहर्रम देखने आया हुआ था। घटना के समय वह घर के भीतर मौजूद था। मकान गिरते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने मलबा हटाकर असरान और उसकी नानी को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने असरान को मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मकान के पास एक नए भवन का निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण के लिए गहरी खुदाई की गई थी। आशंका है कि खुदाई के कारण पुराने मकान की नींव कमजोर हो गई, जिससे उसका पिछला हिस्सा अचानक ढह गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मकान करीब 50 साल पुराना और कच्चा था तथा उसकी हालत भी जर्जर थी। हादसे में एक छोटी बच्ची के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल, प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुट गया है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

