Punjab Kesari MP ads

शादी की खुशीयां मातम में बदली! तीन युवकों की नदी में डूबने से मौत, परिजनों में मच गई चीख-पुकार

Friday, Jun 19, 2026-01:56 PM (IST)

MP desk: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में बृहस्पतिवार दोपहर पहुज नदी में नहाने पहुंचे 17 युवकों में से तीन गहरे पानी में जाने के बाद डूब गए। घटना में तीन युवकों की मौत हुई है। दरअसल, मध्यप्रदेश के भिंड जिले के करीब 17 युवक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए माधवगढ़ कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुरा गांव आए थे। इसी बीच उनके साथ यह दर्दनाक हादसा हुआ है।  

जानकारी के अनुसार, बृहस्पतिवार को सभी युवक स्नान करने के लिए गांव के पास पहुज नदी पहुंचे। नहाने के दौरान जगमोहन बघेल (19), सुधीर बघेल (19) और अवनीश यादव (20) गहरे पानी में चले गए तथा डूबने लगे। मौके पर मौजूद अन्य युवकों और ग्रामीणों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक तीनों नदी में लापता हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

उपजिलाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। गोताखोरों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद तीनों का शव बरामद किया गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की सूचना जैसे ही परिजनों तक पहुंची, शादी समारोह का माहौल गमगीन हो गया। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर फैल गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News