Punjab Kesari MP ads

किसान की संदिग्ध हालत में मौत! फंदे पर लटका मिला शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका; किया हाईवे जाम

Thursday, Jun 18, 2026-01:42 PM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): जिले के बकस्वाहा थाना क्षेत्र के ग्राम निवार में 50 वर्षीय रामसिंग लोधी उर्फ सरला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बकस्वाहा भेज दिया।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने गांव के कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया और बम्होरी चौकी के सामने प्रदर्शन किया। पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शव को लेकर गांव लौट गए। हालांकि बाद में परिजनों ने सेमरा पुल पर शव रखकर सागर-छतरपुर हाईवे जाम कर दिया। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

थाना प्रभारी ने समझाइश देकर खुलवाया जाम

सूचना मिलने पर बकस्वाहा थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा मौके पर पहुंचे और परिजनों से चर्चा की। उन्होंने मामले की गंभीरता से जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर जाम हटाया और शव का अंतिम संस्कार किया।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News