Punjab Kesari MP ads

डॉक्टर बनने का सपना अधूरा! ग्वालियर के तिघरा बांध में डूबे मेडिकल कॉलेज के 2 छात्र, एक का शव मिला

Sunday, Jun 14, 2026-01:03 PM (IST)

ग्वालियर। (अंकुर जैन): शहर के प्रसिद्ध तिघरा बांध में शनिवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। गजराराजा मेडिकल कॉलेज (GMC) के दो छात्र गहरे पानी में डूब गए, जिनमें से एक छात्र का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि दूसरे छात्र की तलाश देर रात तक जारी रही। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर और छात्र समुदाय में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, गजराराजा मेडिकल कॉलेज के सेकेंड ईयर के 8 छात्र-छात्राएं शनिवार शाम करीब 6 बजे तिघरा बांध घूमने पहुंचे थे। समूह में 4 छात्र और 4 छात्राएं शामिल थीं। बताया जा रहा है कि सभी छात्र तिघरा के प्रतिबंधित आउटर क्षेत्र में पहुंच गए थे। इसी दौरान दो छात्र अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

डूबने वाले छात्रों की पहचान 21 वर्षीय गोपाल अग्रवाल (निवासी बीना) और 19 वर्षीय आयुष श्रीवास्तव (निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार) के रूप में हुई है। दोनों छात्र ग्वालियर स्थित ओल्ड रविशंकर हॉस्टल में रहकर मेडिकल की पढ़ाई कर रहे थे।

PunjabKesariघटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और SDRF की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग अभियान शुरू किया गया। देर रात चले रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान गोपाल अग्रवाल का शव बरामद कर लिया गया, जबकि आयुष श्रीवास्तव की तलाश लगातार जारी रही।

हादसे की खबर मिलते ही मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़, प्रभारी कलेक्टर कुमार सत्यम और एसएसपी धर्मवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। वहीं बड़ी संख्या में मेडिकल कॉलेज के छात्र भी तिघरा बांध पहुंच गए।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर तिघरा बांध समेत पर्यटन स्थलों और जलाशयों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रतिबंधित क्षेत्र में छात्रों के पहुंचने और सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल तिघरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और लापता छात्र की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। पूरे मेडिकल कॉलेज में इस हादसे के बाद गम का माहौल है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News