लाड़ली बहना योजना को लेकर CM की बड़ी घोषणा, जानें पूरा अपडेट
Thursday, Mar 12, 2026-02:28 PM (IST)
भोपाल। मध्य प्रदेश की करोड़ों महिलाओं के लिए राहत और खुशी की खबर सामने आई है। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी लाड़ली बहना योजना के तहत मार्च महीने की 34वीं किस्त जल्द ही लाभार्थियों के खातों में पहुंचने वाली है।
मुख्यमंत्री Mohan Yadav 13 मार्च 2026 को सुबह 11 बजे ग्वालियर जिले के भितरवार से सिंगल क्लिक के जरिए योजना की राशि ट्रांसफर करेंगे। इस दौरान प्रदेश की करीब 1.28 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सीधे 1500-1500 रुपये भेजे जाएंगे।
सरकार इस किस्त के लिए लगभग 1920 करोड़ रुपये की बड़ी राशि एक साथ जारी करेगी। लंबे समय से इस किस्त का इंतजार कर रहीं प्रदेश की लाड़ली बहनों को अब सीधा आर्थिक लाभ मिलने वाला है।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस संबंध में सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए लिखा कि वे भितरवार, ग्वालियर से योजना की 34वीं किस्त बहनों के खातों में अंतरित करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की हर बहन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि उसका परिवार भी समृद्ध और खुशहाल बन सके।
राज्य सरकार का मानना है कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। योजना के तहत हर महीने दी जाने वाली सहायता राशि से लाखों परिवारों को राहत मिल रही है और महिलाएं आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रही हैं।

