CM शिवराज ने किया 5G सेवा का शुभारंभ, अब MP में 5जी में मिलेगी 1500 MBPS की स्पीड: शिवराज
Wednesday, Dec 14, 2022-07:46 PM (IST)

भोपाल/उज्जैन (विवान तिवारी) : मध्य प्रदेश में आज 5जी सेवा की शुरुआत हो गई है। महाकाल की नगरी उज्जैन में प्रदेश के मुखिया शिवराज सिंह चौहान ने रिलायंस जिओ की 5G सेवा का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने ये कहा कि आज का दिन मध्यप्रदेश की प्रगति और विकास के लिए ऐतिहासिक दिन है। रिलायंस जिओ परिवार की 5G सेवा केवल मोबाइल सेवा नहीं, नई क्रांति है। आज इसी मध्यप्रदेश के निर्माण के लिए 5G सेवा के माध्यम से एक नई ताकत मिली है। मैंने तय किया था कि महाकाल महालोक से यह सेवा प्रारंभ हो। उन्होंने ये कहा कि आप लोगों ने दिन-रात मेहनत करके इस संकल्प को पूरा किया है। 4G में हमें 100 MBPS स्पीड मिलती है, अब हमें 5G में 1,500 MBPS की स्पीड मिलेगी।
• सीएम ने बताए 5जी शुरू होने के फायदे
5जी सेवा का शुभारंभ कर सीएम शिवराज ने इससे होने वाले फायदों के बारे में बताते हुए यह कहा कि महाकाल महाराज से यही प्रार्थना करते हैं कि हमारा मध्यप्रदेश देश ही नहीं, दुनिया में सर्वश्रेष्ठ राज्य बने। कृषि में अब हम ड्रोन का उपयोग करेंगे। शिक्षा में इस सेवा का उपयोग हो सकेगा, गाँव में किसी एक्सपर्ट को नहीं बुलाना पड़ेगा, स्मार्ट क्लास के जरिए मुंबई से ही आपको मार्गदर्शन मिलेगा। छोटे शहरों के लोगों को इलाज कराने के लिए महानगरों में नहीं जाना पड़ेगा। ऑनलाइन ही चेकअप हो जाएगा। आईटी के सेक्टर में भी इससे लाभ मिलेगा। उद्योगों में लाखों नए रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। 5G सेवा का उपयोग अब हम गुड गवर्नेंस में भी करेंगे। DBT से भ्रष्टाचार समाप्त हुआ है। इस साल हम बच्चों को जो साइकिल देने वाले हैं, उसमें ई-वाउचर का उपयोग करेंगे, जिससे केवल साइकिल ही खरीदी जा सकती है।
• साइबर क्राइम को रोकने में 5जी से मिलेगी हमें मदद: शिवराज
अपराध पर नकेल कसने के लिए लगातार सीएम शिवराज मंच से कई ऐलान, निर्देश और कार्यवाही करते दिखाई पड़ते हैं वही इसी कड़ी में 5जी सेवा के शुभारंभ के बाद उन्होंने साइबर क्राइम को लेकर ये कहा की इस क्राइम को रोकने में हमें 5G सेवा से मदद मिलेगी। परिवहन के क्षेत्र में संचालन सुगम होगा। लॉजिसटिक्स के क्षेत्र में मदद मिलेगी। ट्रैफिक मैनेजमैन्ट बेहतर होगा, खनिज पदार्थ का पता लगाने में मदद मिलेगी।
• सीएम ने जताई थी उज्जैन से शुभारंभ की इच्छा
इंटरनेट की सेवा का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने यह कहा कि मेरी इच्छा थी कि महाकाल महाराज की नगरी से इसे प्रारंभ करें। मैं रिलायंस जियो को धन्यवाद देता हूँ और मध्यप्रदेश की जनता को शुभकामना देता हूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का निर्णय लिया है। प्रसन्नता की बात है कि G20 की अध्यक्षता हमारे भारत को मिली है। आत्मनिर्भर भारत के लिए हम आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश बना रहे हैं। हमारी विकास दर इस समय हिंदुस्तान में सबसे ज्यादा 19.76% है। आज हमारा GSDP में योगदान 4.6% है। आज हमारी पर कैपिटा इनकम 1,30,000 रुपये हो गई है।