CM शिवराज ने नंदू भैया की अर्थी को दिया कंधा, भावुक होकर बोले-आपकी कमी हमेशा खलेगी
Wednesday, Mar 03, 2021-06:05 PM (IST)

भोपाल: खंडवा से बीजेपी सांसद नंदकुमार सिंह चौहान आज पंचतत्व में विलिन हो गए। उनकी अंतिम यात्रा में सीएम शिवराज सिंह चौहान से लेकर अन्य बड़े नेता मौजूद रहे।
सीएम शिवराज सिंह ने अंतिम यात्रा के दौरान बीजेपी सांसद के पार्थिव शरीर को कंधा दिया। इस दौरान सीएम भावुक भी हो गए। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि ये अत्यंत हृदयविदारक और दुःखद क्षण है। बहुत दुःखी मन से नंदूभैया की अर्थी को कंधा दिया है।
नंदूभैया आप जहां भी रहो, सदा हंसते-मुस्कुराते रहना और बच्चों को आशीर्वाद देते रहना। आपकी कमी हम सभी को हमेशा खलेगी। बेटे हर्षवर्धन सिंह चौहान ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। नंद कुमार सिंह का अंतिम संस्कार उनके खेत में किया गया। नंद कुमार सिंह की अंतिम यात्रा उनके घर से शुरू हुई और 5 किलोमीटर तक चली। उनकी शव यात्रा में लोगों का हुजूम उमड़ गया।
मंगलवार देर रात सांसद का पार्थिव शरीर बुरहानपुर स्थित उनके पैतृक गांव शाहपुर लाया गया था। उनके पार्थिव शरीर के यहां लाए जाने की सूचना पर सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक यहां जुटे रहे।
बता दें कि कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल गया था। इसके बाद उन्हें 5 फरवरी को मेदांता में एडमिट कराया गया था। उनकी रिपोर्ट निगेटिव भी आ गई थी, लेकिन उनकी तबीयत में सुधार नहीं हो रहा था, जिसके बाद दिल्ली में इलाज के दौरान उनका देहांत हो गया।