BJP नेता के खेत में अफीम खेती की शिकायत पड़ी भारी! सरपंच बर्खास्त, चुनाव निरस्त
Thursday, May 07, 2026-02:24 PM (IST)
दुर्गः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती की शिकायत करने वाले सरपंच अरुण गौतम को बर्खास्त किया गया है। एसडीएम कोर्ट ने उनका चुनाव निरस्त कर दिया है। बताया गया कि सरपंच ने चुनाव आयोग से आपराधिक मामला छिपाकर चुनाव लड़ा था।
दरअसल, सरपंच अरुण गौतम ने कुछ महीने पहले बीजेपी नेता विनायक ताम्रकार के खेत में अफीम की खेती होने की शिकायत प्रशासन और पुलिस से की थी। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए विनायक ताम्रकार को गिरफ्तार भी किया था। बताया जाता है कि दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी बीच विनायक ताम्रकार ने भी अरुण गौतम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि पंचायत चुनाव के समय अरुण गौतम ने अपने ऊपर चल रहे आपराधिक मामलों की जानकारी हलफनामे में छिपाई थी।
मामला तब ज्यादा गंभीर हो गया, जब चुनाव में दूसरे स्थान पर रहीं प्रत्याशी भुवनेश्वरी देशमुख ने कोर्ट में याचिका दायर की। उन्होंने आरोप लगाया कि अरुण गौतम ने हत्या के प्रयास जैसे गंभीर मामलों की जानकारी चुनाव आयोग को दिए बिना चुनाव लड़ा।
पहले रिटर्निंग अधिकारी ने इस शिकायत को खारिज कर दिया था, लेकिन बाद में मामला हाईकोर्ट पहुंच गया। हाईकोर्ट के आदेश पर एसडीएम कोर्ट में फिर से सुनवाई हुई। जांच में पता चला कि अरुण गौतम के खिलाफ धारा 307 सहित गंभीर आपराधिक मामला पहले से चल रहा था, जिसकी जानकारी उन्होंने चुनावी दस्तावेजों में नहीं दी थी।
एसडीएम कोर्ट ने इसे नियमों का उल्लंघन मानते हुए अरुण गौतम का चुनाव निरस्त कर दिया। साथ ही समोदा गांव के सरपंच पद को रिक्त घोषित करते हुए दोबारा उपचुनाव कराने के निर्देश दिए गए हैं। कोर्ट ने दुर्ग जनपद पंचायत के सीईओ को राज्य निर्वाचन आयोग को रिपोर्ट भेजने के आदेश भी दिए हैं, ताकि गांव में जल्द उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सके।

