Punjab Kesari MP ads

BJP नेता की दबंगई,ऑफिस में घुसकर पटवारी-ऑपरेटर को पीटा, VIDEO वायरल

Thursday, Apr 23, 2026-03:47 PM (IST)

सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां भाजपा एसटी मोर्चा के मंडल अध्यक्ष पर पटवारी और कार्यालय ऑपरेटर से मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम कंठी स्थित पटवारी कार्यालय में बुधवार दोपहर यह विवाद हुआ। पटवारी प्रकाश मंडल अपने कार्यस्थल पर मौजूद थे, तभी भाजपा नेता जितेंद्र कुजूर (मोनू) वहां पहुंचे और आरआई अनिता राजवाड़े के मोबाइल नंबर को लेकर सवाल करने लगे। पटवारी ने बताया कि संबंधित अधिकारी लंच पर गई हैं और उनका नंबर कार्यालय की दीवार पर लिखा हुआ है, जिसे देखा जा सकता है।

इसी बात को लेकर बहस बढ़ गई और आरोपी ने कथित रूप से पटवारी पर लात-घूंसे से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए कार्यालय ऑपरेटर के साथ भी मारपीट की गई। बताया जा रहा है कि विवाद इतना बढ़ गया कि पटवारी को जान बचाकर अपने कमरे में जाकर दरवाजा बंद करना पड़ा।

घटना की जानकारी मिलते ही पटवारी संघ सक्रिय हुआ और स्थानीय प्रशासन को मामले से अवगत कराया गया। इसके बाद कलेक्टर के निर्देश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी जितेंद्र कुजूर को गिरफ्तार कर लिया है।

पटवारी संघ ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। संघ ने यह भी मांग रखी है कि आरोपी का सार्वजनिक जुलूस निकाला जाए, अन्यथा आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है।

इस बीच, आरोपी के सोशल मीडिया अकाउंट पर कई ऐसे वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें वह खुद को प्रभावशाली और दबंग अंदाज में दिखाता नजर आता है। मामले ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News