Punjab Kesari MP ads

BJP MLA की बेटी ने क्यों पीटा था बैंक के बाहर जूते से शख्स, सामने आकर किया सनसनीखेज और हिलाने वाला खुलासा

Wednesday, Apr 15, 2026-05:31 PM (IST)

सागर (देवेंद्र कश्यप): पिछले दिनों सागर में BJP विधायक बृजबिहारी पटेरिया की बेटी पर सरेआम एक शख्स को जूते से पीटने का आरोप लगा था। बैंक के बाहर जूते से पीटने की इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। इस घटना में मारपीट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था। लेकिन अब इस मामले को लेकर विधायक बेटी ने वजह का खुलासा किया है।

पीछा करने और गाड़ी से एक्सीडेंट करने की कोशिश का लगाया आरोप

विधायक बेटी का कहना है कि वो व्यक्ति आये दिन मुझे फॉलो करता था और गाड़ी से एक्सीडेंट करने की भी कोशिश की थी। भाजपा विधायक बृज बिहारी पटेरिया की बेटी प्रियंका पटेरिया ने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा। उन्होंने बताया कि यह राजेश शर्मा नामक व्यक्ति मेरा काफी समय से पीछा कर रहा है।   एक दो बार उसने उनकी कार को कट मारने की कोशिश की जिससे मेरी कार खाई में गिरते गिरते बची। प्रियंका का कहना है कि इसकी शिकायत कुछ दिनों पहले थाने में लिखित में दी थी

प्रियंका ने पुलिस प्रशासन पर लगाया बड़ा आरोप

यही नहीं प्रियंका पटेरिया ने तो यहां तक कहा है कि एक वर्ष पहले विधायक के बड़े भाई के बेटे विनीत पटेरिया ने प्रियंका के साथ मारपीट की थी इस घटना में भी राजेश शर्मा शामिल था। भाजपा विधायक की बेटी का पुलिस प्रशासन पर बड़ा आरोप है कि जब भाजपा की सरकार में एक भाजपा विधायक की बेटी ही सुरक्षित नही है, न ही उसकी सुनवाई  हो रही है तो आम महिलाओं व बच्चियों को न्याय कैसे मिलेगा।

पीड़ित राजेश शर्मा ने क्या कहा था?

दरअसल पीड़ित राजेश शर्मा निवासी ग्राम जमुनिया के द्वारा गौरझामर थाने में लिखित आवेदन दिया था। पीड़ित के मुताबिक वह जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया के साथ रहता है। 13 अप्रैल सोमवार को वह गौरझामर क्षेत्र में एक बैंक पहुँचा था। बैंक के अंदर एक व्यक्ति द्वारा बताया गया कि भाजपा विधायक "बृजबिहारी पटेरिया" की बेटी "प्रियंका पटेरिया" उन्हें बाहर बुला रही हैं। जैसे ही वे बैंक से बाहर निकले, तो आरोप है कि बैंक के बाहर सफेद रंग की स्कोर्पियो गाड़ी में प्रियंका पटेरिया बैठी थी। जैसे ही वह उनकी गाड़ी के पास पहुँचा तो पहले उनके साथ प्रियंका ने गाली-गलौज की और फिर जूता उतारकर मारपीट की। पीड़ित ने जब पूछा कि उसकी गलती क्या तो प्रियंका बोली कि "तुम इतने समय से मेरा पीछा क्यों कर रहे हो"।

पुलिस अभी कुछ कहने से बच रही

हालांकि पुलिस अभी मामले में कुछ भी कहने से बचती नज़र आ रही है। पुलिस का कहना है कि आवेदन प्राप्त हुआ है और जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।  वहीं पीड़ित का आरोप है कि मामला प्रभावशाली परिवार से जुड़ा होने के कारण कार्रवाई में देरी की जा रही है। बता दें, कि जनपद अध्यक्ष प्रतिनिधि विनीत पटेरिया भाजपा से जुड़े हुए नेता है एवं विधायक के सगे भाई के बेटे है। दोनों परिवारों में लंबे समय से पारिवारिक विवाद चला आ रहा है। जबकि पीड़ित राजेश शर्मा विधायक के भाई के साथ रहता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Desh Raj

Related News