Punjab Kesari MP ads

युवाओं पर BJP का बड़ा दांव! भाजयुमो में बदलाव, इन नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

Sunday, Apr 19, 2026-01:51 PM (IST)

रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) रायपुर शहर की नई कार्यकारिणी घोषित होने के बाद संगठन में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है। युवाओं को संगठन से जोड़ने और पार्टी की गतिविधियों को और तेज करने के उद्देश्य से शुभांकर द्विवेदी को रायपुर जिला उपाध्यक्ष तथा आयुष शर्मा को सह मीडिया प्रभारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है।

यह नियुक्ति भाजयुमो जिला अध्यक्ष की अनुशंसा और प्रदेश नेतृत्व की सहमति के बाद की गई है। संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि दोनों युवा पदाधिकारी लंबे समय से पार्टी के लिए समर्पण और सक्रियता के साथ कार्य कर रहे थे, जिसका प्रतिफल उन्हें इस नई जिम्मेदारी के रूप में मिला है।

शुभांकर द्विवेदी ने छात्र राजनीति से लेकर सामाजिक और संगठनात्मक गतिविधियों में लगातार अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। वहीं आयुष Sharma ने मीडिया और जनसंपर्क के क्षेत्र में संगठन की आवाज को प्रभावी ढंग से सामने रखने में अहम भूमिका निभाई है। दोनों की सक्रियता और कार्यशैली को देखते हुए संगठन ने उन पर भरोसा जताया है।

नई कार्यकारिणी के गठन के साथ भाजपा युवा मोर्चा ने साफ संकेत दिया है कि आने वाले समय में युवाओं को अधिक से अधिक जोड़ने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सोशल मीडिया के माध्यम से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष फोकस रहेगा।

नवनियुक्त पदाधिकारियों ने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन द्वारा दी गई जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। साथ ही रायपुर शहर में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य करेंगे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि युवा चेहरों को जिम्मेदारी देकर भाजपा आगामी चुनावी रणनीति को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में यह नई टीम संगठन के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News