कांग्रेस नेता पर हमला, मॉर्निंग वॉक के दौरान तीन बदमाशों ने किया लहूलुहान, हालत गंभीर
Sunday, Jul 05, 2026-01:17 PM (IST)
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में रविवार सुबह हुई एक सनसनीखेज वारदात ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। तारबहार थाना क्षेत्र में कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद श्याम कश्यप पर उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया, जब वे रोज़ की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 6:45 बजे श्याम कश्यप रेलवे अस्पताल के समीप टहल रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे तीन नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फिर लाठियों तथा धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
अचानक हुए हमले में श्याम कश्यप गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए रायपुर रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तारबहार थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है।
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं - पुरानी रंजिश, व्यक्तिगत विवाद और अन्य कारणों—को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चिंता का माहौल है। अब सबकी नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि आखिर दिनदहाड़े हुए इस हमले के पीछे कौन लोग हैं और उनका मकसद क्या था।

