कांग्रेस नेता को पत्नी–बेटे से जान का खतरा, पत्नी बोली- ये आरोप गलत, वो मुझे दहेज के लिए पीटते हैं, जीतू-राहुल गांधी से की शिकायत
Sunday, Apr 26, 2026-02:15 PM (IST)
जबलपुर: कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह चौहान और उनकी बैंक अधिकारी पत्नी शिखा सिंह के बीच चल रहा पारिवारिक विवाद अब गंभीर मोड़ ले चुका है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जिससे मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। हाल ही में शिखा सिंह ने अपने पति पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि महेंद्र सिंह चौहान ने एक शिकायत में पत्नी और बेटे से अपनी जान को खतरा बताया है।
इस पर पलटवार करते हुए शिखा ने सवाल उठाया कि जब वह अपने पति से 20 साल छोटी हैं और उनका बेटा नाबालिग है, तो आखिर उनसे जान का खतरा कैसे हो सकता है। शिखा सिंह ने खुलासा किया कि वह दो महीने पहले ही अपने पति के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और मारपीट की शिकायत दर्ज करा चुकी हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि करीब 20 साल पहले महेंद्र सिंह चौहान ने उनकी एक आईएएस अधिकारी से तय शादी तुड़वा दी थी और उसके बाद उनसे विवाह किया।
उन्होंने कहा कि शादी के बाद से ही उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। शिखा के मुताबिक, उनके पति लगातार उनके मायके की संपत्ति में हिस्सा लेने के लिए दबाव बनाते रहे हैं, जो दोनों के बीच विवाद की एक बड़ी वजह है।
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं से की शिकायत..
इस पूरे मामले को लेकर शिखा सिंह ने कांग्रेस नेतृत्व को भी पत्र लिखा है। उन्होंने Harish Chaudhary को संबोधित पत्र में न्याय की मांग की है और महेंद्र सिंह चौहान को पार्टी से हटाने की अपील की है। साथ ही उन्होंने Jitu Patwari से सवाल किया कि कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है। शिखा ने अपने पत्र की प्रतिलिपि Mallikarjun Kharge, Priyanka Gandhi और Rahul Gandhi को भी भेजी है। फिलहाल इस मामले में राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तर पर हलचल बढ़ गई है। अब सभी की नजर कांग्रेस संगठन और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

