कांग्रेस के प्रदर्शन में बवाल! जेबकतरा बताकर अपने ही कार्यकर्ता को पीटा, सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर मारने का वीडियो वायरल
Friday, Jul 24, 2026-05:10 PM (IST)
भोपाल: मध्य प्रदेश के भोपाल में कांग्रेस के पैदल मार्च के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रदर्शन में शामिल एक युवक की कुछ कार्यकर्ताओं ने जमकर पिटाई कर दी। आरोप लगाया गया कि युवक जेब काटने की कोशिश कर रहा था, जिसके बाद भीड़ ने उसे घेर लिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना के दौरान युवक को लात-घूंसों से मारा गया, जिससे वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह युवक को भीड़ से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
पिटाई का शिकार हुए युवक की पहचान माज कुरैशी के रूप में हुई है। माज का आरोप है कि उसके साथ मारपीट करने वाले लोग कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद के समर्थक थे। उसका दावा है कि वह खुद कांग्रेस कार्यकर्ता है और उसने विधायक के खिलाफ सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट किए थे, जिसके बाद नाराज होकर उसके साथ यह व्यवहार किया गया।
वहीं, प्रदर्शन में मौजूद कुछ लोगों का कहना था कि युवक संदिग्ध गतिविधि कर रहा था और उसे जेबकतरा समझकर पकड़ा गया। इस पूरे मामले पर विधायक आरिफ मसूद ने सफाई देते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान मीडिया लगातार उनके साथ मौजूद थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा के खिलाफ आंदोलन कर रही थी और इस घटना से उनका कोई संबंध नहीं है।
फिलहाल मामले को लेकर दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे सामने आ रहे हैं। लेकिन कांग्रेस के प्रदर्शन के बीच हुई इस घटना ने राजनीतिक माहौल को जरूर गरमा दिया है और संगठन की एकजुटता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

