Punjab Kesari MP ads

दिनदहाड़े हत्या से बवाल! उपसरपंच के पति की चाकू मारकर हत्या, लूट के बाद वारदात से इलाके में आक्रोश

Tuesday, Aug 04, 2026-12:19 PM (IST)

दुर्ग (हेमंत पाल) : दुर्ग जिले में दिनदहाड़े हुई एक हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जानकारी के अनुसार, धमधा क्षेत्र के तुमाकला ग्राम पंचायत की सरपंच के पति प्रकाश कश्यप की लूटपाट के दौरान चाकू से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिरसा चौकी पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया तथा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, प्रकाश कश्यप अपने काम से जा रहे थे, तभी एक बाइक पर सवार चार बदमाश उनके पास पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने पहले लूटपाट की कोशिश की। जब प्रकाश कश्यप ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रकाश कश्यप को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की खबर फैलते ही परिजन, ग्रामीण और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सिरसा चौकी पहुंच गए। उन्होंने हत्या के आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी, कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कड़ा विरोध दर्ज कराया। कुछ समय तक चौकी परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित किए जाने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस हत्या और लूट के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है, जबकि ग्रामीणों और राजनीतिक दलों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News