इंदौर में PWD इंजीनियर की संदिग्ध मौत! दो बेटियों के बाद बेटे की चाहत में हत्या का आरोप, पति-ससुर पर गंभीर सवाल
Sunday, Jul 26, 2026-08:08 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में लोक निर्माण विभाग (PWD) की इंजीनियर आरती यादव की संदिग्ध मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पलासिया थाना क्षेत्र स्थित पीडब्ल्यूडी कॉलोनी में हुई इस घटना को शुरुआती तौर पर आत्महत्या माना गया था, लेकिन अब मृतका के मायके पक्ष ने पति, ससुर और देवर पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही है।
मृतका के भाई उपेंद्र सिंह का आरोप है कि आरती की शादीशुदा जिंदगी लंबे समय से तनावपूर्ण थी। उनका कहना है कि पति नीलेश नशे का आदी था और आए दिन विवाद होता था। परिवार का आरोप है कि दो बेटियां होने के कारण ससुराल पक्ष बेटे की चाहत रखता था और इसी वजह से पति की दूसरी शादी कराने की तैयारी की जा रही थी। परिजनों का दावा है कि घटना वाले दिन सुबह आरती ने नौ नींद की गोलियां खाई थीं। उनका सवाल है कि ऐसी स्थिति में वह कुछ घंटों बाद खुद फंदे तक कैसे पहुंच सकती थीं। आरोप है कि पहले उन्हें बेहोशी की हालत में लाया गया और फिर फंदे पर लटकाकर मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई। गंभीर हालत में आरती को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वहीं, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडीसीपी) राजेश दंडोतिया ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और परिजनों सहित अन्य लोगों के बयान के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। पुलिस का कहना है कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। फिलहाल इस मामले में हत्या के आरोप लगाए गए हैं, लेकिन पुलिस जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।

