Punjab Kesari MP ads

रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में जर्जर दीवार ढही, दो की मौत, दो गंभीर घायल

Monday, Jul 20, 2026-06:48 PM (IST)

सीधी (सूरज शुक्ला) : सीधी जिले के रामपुर नैकिन न्यायालय परिसर में सोमवार शाम तेज बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। न्यायालय परिसर स्थित एक जर्जर भवन की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे उसकी आड़ में खड़े चार लोग मलबे के नीचे दब गए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

PunjabKesari

जानकारी के अनुसार सोमवार शाम करीब 4 बजे अचानक तेज बारिश शुरू होने पर कुछ लोग बारिश से बचने के लिए न्यायालय परिसर में स्थित एक पुराने भवन की दीवार के पास खड़े हो गए थे। इसी दौरान भवन की जर्जर दीवार अचानक ढह गई और वहां मौजूद लोग मलबे की चपेट में आ गए। घटना के बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

सूचना मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। देर शाम तक राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। प्रशासन को आशंका थी कि मलबे के नीचे अन्य लोग भी दबे हो सकते हैं, जिसके चलते पूरे क्षेत्र की सघन तलाशी ली गई।

PunjabKesari

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि हादसे में मृतकों एवं घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही बारिश और भवन की जर्जर स्थिति को हादसे का प्रमुख कारण माना जा रहा है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है तथा भवन की स्थिति और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रशासन ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News