Punjab Kesari MP ads

CM हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत के बाद पंचायत सचिव निलंबित, लापरवाही का गंभीर आरोप; हुआ सख्त एक्शन

Wednesday, Jul 15, 2026-09:47 AM (IST)

CG desk: छत्तीसगढ़ राज्य के मुंगेली में सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत के बाद त्वरित कार्रवाई की गई है। दरअसल, यहां पथरिया विकासखंड के ग्राम सिलदहा में सीसी रोड निर्माण में लापरवाही की शिकायत मिल रही थी। मामले में जांच के बाद ग्राम पंचायत सिलदहा के सचिव भूपत राजपूत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद ग्राम पंचायत में हड़कंप की स्थिती बनी है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सिलदहा निवासी मनोज वर्मा एवं अजय राजपूत ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी। बताया गया कि गांव में  सीसी रोड की स्वीकृत मिली हुई है। लेकिन बावजूद इसके सड़क निर्माण नहीं कराया गया। साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हैं। इसके चलते बारिश के दौरान लोगों को तमाम मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। शिकायत के बाद कलेक्टर कुंदन कुमार ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया।

मामले की जांच के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी और जिला पंचायत को निर्देश दिए गए। जांच के दौरान पंचायत सचिव भूपत राजपूत को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया। जांच में यह तथ्य सामने आया कि स्वीकृति मिलने के बावजूद सीसी रोड का निर्माण नहीं कराया गया तथा उच्च अधिकारियों के निर्देशों की लगातार अवहेलना की गई।

उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत पथरिया निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से ग्राम पंचायत बेलखुरी के पंचायत सचिव खांडेराम जांगड़े को ग्राम पंचायत सिलदहा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News