Punjab Kesari MP ads

कक्षा 8 की दो छात्रों की टीसी में लिखा ''चरित्रहीन'', हेडमास्टर पर लापरवाही का आरोप; कलेक्टर ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

Friday, Jul 24, 2026-05:05 PM (IST)

पन्ना (टाइगर खान): मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के शाहनगर थाना क्षेत्र से शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। शासकीय माध्यमिक शाला भोपार की हेडमास्टर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगा है। आरोप है कि आठवीं कक्षा के दो छात्रों की ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) में उनके चरित्र के स्थान पर "चरित्रहीन" लिख दिया गया, जिससे बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया।

वहीं, इस घटना से नाराज परिजनों ने पन्ना कलेक्टर उषा परमार को लिखित शिकायत सौंपते हुए दोषी हेडमास्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि बिना किसी आधार के ऐसा शब्द लिखना न केवल बच्चों की छवि को धूमिल करता है, बल्कि उनके आगे की पढ़ाई और भविष्य पर भी गंभीर असर डाल सकता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर उषा परमार ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश देते हुए दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।

जिला शिक्षा अधिकारी आकांक्षा रावत का कहना है कि पूरे मामले पर जांच की जा रही है मामला बहुत गंभीर है विधि संवत कार्रवाई की जाएगी। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं। सवाल यह है कि आखिर मासूम छात्रों की टीसी में ऐसा आपत्तिजनक शब्द कैसे दर्ज हुआ? क्या यह महज लापरवाही थी या किसी की बड़ी गलती? जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News