Punjab Kesari MP ads

सीएम हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत का फौरन समाधान, लंबे समय से अटका जाति प्रमाण पत्र 24 घंटे में मिला

Thursday, Jul 16, 2026-10:40 AM (IST)

रायपुरः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर संचालित सीएम हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के एक ग्रामीण की लंबे समय से लंबित जाति प्रमाण पत्र की समस्या का 24 घंटे के भीतर समाधान किए जाने का मामला सामने आया है।

जानकारी के अनुसार, पेंड्रा विकासखंड के ग्राम पतगवा निवासी सेवक राम अपने बच्चों के जाति एवं आय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लंबे समय से प्रयासरत थे। आवेदन करने के बावजूद प्रमाण पत्र जारी नहीं होने से बच्चों को शैक्षणिक सुविधाओं, शासकीय योजनाओं तथा अन्य आवश्यक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। समस्या का समाधान नहीं होने पर सेवक राम ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत प्राप्त होने के बाद संबंधित विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर उनके बच्चों का जाति प्रमाण पत्र स्वीकृत कर जारी कर दिया।

सेवक राम ने समस्या के शीघ्र निराकरण पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले कई प्रयासों के बावजूद उनका कार्य नहीं हो पाया था, लेकिन सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रशासन ने समयबद्ध कार्रवाई कर राहत प्रदान की। राज्य सरकार का कहना है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 नागरिकों की शिकायतों के त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण के लिए प्रभावी माध्यम के रूप में कार्य कर रही है तथा प्रशासन और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News