Punjab Kesari MP ads

267 महिलाओं से 1.11 करोड़ की धोखाधड़ी, बैंक से जुड़े दो कर्मचारी 24 घंटे में गिरफ्तार

Sunday, Jul 05, 2026-07:09 PM (IST)

धमधा (हेमंत पाल) : दुर्ग जिले के धमधा में महिलाओं को ऋण दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपये की बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक से संबद्ध सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की धमधा शाखा में 267 महिला ग्राहकों से वसूली गई ऋण किस्त और लोन क्लोजर की राशि कंपनी में जमा करने के बजाय गबन कर ली गई। इस मामले में कुल 1 करोड़ 11 लाख 93 हजार 173 रुपये की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है। मामले की गंभीरता को देखते हुए धमधा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 4 जुलाई को सेव फाइनेंशियल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि अशोक कुमार वर्मा ने थाना धमधा में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी संस्था का सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक के साथ अनुबंध है, जिसके माध्यम से महिलाओं को समूह ऋण उपलब्ध कराया जाता है। कंपनी के ऑडिट के दौरान पता चला कि धमधा शाखा के शाखा प्रबंधक एवं कर्मचारियों ने ग्राहकों से प्राप्त ऋण किस्त और लोन क्लोजर की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की।

ऑडिट रिपोर्ट में सामने आया कि आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से 267 महिला ग्राहकों से प्राप्त राशि का गबन कर लिया। कंपनी ने पहले संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी कर राशि जमा करने का अवसर दिया, लेकिन न तो पैसा लौटाया गया और न ही नोटिस का जवाब दिया गया। इसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत की जांच के बाद थाना धमधा में अपराध क्रमांक 176/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(5), 318(4) एवं 61(2) के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दो आरोपियों अनिल विश्वकर्मा (23 वर्ष), निवासी साजा, जिला बेमेतरा तथा संदीप कुमार खूंटीहरे (31 वर्ष), निवासी पाटन, जिला दुर्ग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि इस पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी बैंक या वित्तीय संस्था से जुड़े लेन-देन केवल अधिकृत माध्यम से ही करें। यदि किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता या धोखाधड़ी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि आर्थिक अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News