ग्वालियर में बड़ा हादसा: पहाड़ी किनारे बनी दीवार गिरी, 3 लोग मलबे में दबे, 2 को सुरक्षित निकाला गया
Sunday, Jul 19, 2026-11:03 AM (IST)
ग्वालियर। (अंकुर जैन): शहर में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी किनारे बनी एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे वहां मौजूद तीन लोग मलबे में दब गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दीवार गिरते ही उसके नीचे तीन लोग दब गए थे। रेस्क्यू टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मलबे में फंसे दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
वहीं, एक अन्य व्यक्ति की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। मौके पर जेसीबी समेत अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है।
फिलहाल दीवार गिरने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जब तक रेस्क्यू अभियान पूरा नहीं हो जाता, तब तक मौके पर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। घटना को लेकर स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घटनास्थल के आसपास भीड़ न लगाएं और राहत-बचाव कार्य में सहयोग करें।

